summer express , सुन्दर कुंडू ,होडल। होडल के उपमंडल नागरिक अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती 26 वर्षीय महिला के साथ वार्ड बॉय द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वार्ड बॉय मौके से फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी कर्मचारी को निलंबित कर मामले की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेज दी है।
जानकारी के अनुसार, महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बीती रात होडल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डिलीवरी के बाद महिला को मां और बच्चे की सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल में भर्ती रखा गया था। महिला ने अस्पताल प्रबंधन को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच भर्ती वार्ड में तैनात वार्ड बॉय महेंद्र उसके बेड के पास पहुंचा। महिला के मुताबिक, उसने उसके शरीर पर हाथ फेरते हुए हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकत करने लगा।
महिला के शोर मचाने पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजनों ने वार्ड बॉय के खिलाफ हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से निकल गया।
उपमंडल नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव तोमर ने बताया कि कर्मचारी को निलंबित कर रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय भेज दी गई है। स्वास्थ्य विभाग मामले में विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है।