summer express , अंकुर कपूर ,चंडीगढ़। हरियाणा सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को हरियाणा सचिवालय से ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के जरिए नागरिक भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत और सूचना सीधे राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी), हरियाणा तक पहुंचा सकेंगे।
ऐप में नागरिकों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण फीचर जोड़े गए हैं। इसके माध्यम से एसवी एंड एसीबी की हेल्पलाइन से सीधे संपर्क किया जा सकेगा। इसके अलावा भ्रष्टाचार से संबंधित वीडियो, ऑडियो, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी अपलोड किए जा सकेंगे। ऐप पर संबंधित जिले के एसवी एंड एसीबी अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर और कार्यालय की लोकेशन भी उपलब्ध होगी। जरूरत पड़ने पर नागरिक एफआईआर की कॉपी भी डाउनलोड कर सकेंगे।
ऐप की खास सुविधा यह है कि नागरिकों को भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर याद रखने की जरूरत नहीं होगी। ऐप में दिए गए हेल्पलाइन विकल्प पर एक टच करते ही वे सीधे एसवी एंड एसीबी से संपर्क कर सकेंगे। इससे शिकायत या सूचना तत्काल संबंधित विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी।
यदि किसी नागरिक के पास भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी या डिजिटल साक्ष्य है, लेकिन वह तत्काल किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं करवाना चाहता, तो वह भी ऐप के माध्यम से सूचना ब्यूरो तक पहुंचा सकेगा। ऐसी सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखी जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार से संबंधित सूचनाओं का व्यवस्थित डिजिटल डेटाबेस तैयार करने में मदद मिलेगी, जिसका भविष्य में नियमानुसार विश्लेषण और उपयोग किया जा सकेगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए हरियाणा के सभी 23 जिलों को ऐप से जोड़ा गया है। यदि कोई व्यक्ति दूसरे जिले में जाकर भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत करना चाहता है, तो ऐप में संबंधित जिले का चयन कर वहां के एसवी एंड एसीबी प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर प्राप्त कर सकेगा। गूगल लोकेशन के जरिए संबंधित कार्यालय का स्थान और वहां पहुंचने का मार्ग भी देखा जा सकेगा। नागरिक फोन पर अधिकारी से संपर्क करने के अलावा संबंधित कार्यालय में जाकर भी शिकायत या सूचना दे सकेंगे।