summer express ,राकेश कुमार शर्मा,करनाल। कंबोपुरा गांव में बच्चों के बीच शुरू हुआ पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में लाठी-डंडों से हमला किए जाने के बाद बुजुर्ग राजपाल की मौत हो गई। परिजनों ने करीब 20 से 25 लोगों पर घेरकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, घायल कमल सुबह दूसरे घर से फोन का चार्जर लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में 20 से 25 लोगों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। कमल किसी तरह वहां से बचकर घर पहुंचा। इसके बाद उसके पिता राजपाल, चाचा और ताऊ मामले को शांत कराने और दूसरे पक्ष से बातचीत करने के लिए पहुंचे। आरोप है कि वहां दोबारा झगड़ा शुरू हो गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल कमल का आरोप है कि हमले के दौरान कुछ लोगों के पास फाइबर के लाठीनुमा डंडे थे, जिनसे मारपीट की गई।
पुलिस जांच अधिकारी मनोज के अनुसार, दोनों पक्षों के बच्चों के बीच पहले भी कहासुनी और विवाद हुआ था। इस संबंध में एक पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। पुलिस ने दूसरे पक्ष को बुलाकर मामले की जानकारी ली थी। उस समय गांव के स्तर पर आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की बात कही गई थी। इसके बाद दोबारा हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
परिजनों का आरोप है कि घटना से दो दिन पहले भी 30 से 35 युवक उनके घर के आसपास घूम रहे थे और झगड़ा करने का प्रयास कर रहे थे। परिवार का दावा है कि इस संबंध में वीडियो फुटेज भी उनके पास है, जिसे पुलिस को सौंपा गया है। परिजनों ने गांव के कुछ लोगों के साथ पार्षद सुभाष पर भी विवाद में शामिल होने का आरोप लगाया है। घायल कमल के अनुसार, पुलिस को करीब 20 से 25 लोगों के नाम बताए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और घटना का पूरा क्रम स्पष्ट हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।