summer express ,पलवल (सुन्दर कुंडू)। पलवल में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक शाम स्कूटी लेकर घर से निकला था और इसके बाद वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह परिजनों को उसकी स्कूटी और शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान श्याम नगर निवासी हर्ष के रूप में की। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कैंप पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार हर्ष मंगलवार 29 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूटी नंबर HR-30-AA-2463 लेकर घर से निकला था। उसने करीब 10 से 15 मिनट में वापस आने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। बताया गया है कि हर्ष के पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
बुधवार सुबह परिवार को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि हर्ष की स्कूटी एपेक्स अस्पताल के पास खड़ी मिली है और वहीं एक युवक का शव भी पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हर्ष के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, शव के पास दवाई की एक बोतल और खाली इंजेक्शन भी मिला है। इन सामानों के मिलने से युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि परिजनों ने शिकायत में फिलहाल किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है।
परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाकर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है। थाना कैंप पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।