Summer express/सोनीपत / रमेश कुमार-:सोनीपत में शनिवार देर रात एसटीएफ और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। बारोटा-छतहेरा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी रोहित उर्फ बोदा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, रोहित उर्फ बोदा गांव लाडपुर का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी सहित आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी के तार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हुए हैं।
पुलिस टीम को देखते ही भागने लगा आरोपी
एसटीएफ सोनीपत और दिल्ली आकेपुरम क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि रोहित बारोटा-छतहेरा इलाके में पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा।पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर दो गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें रोहित के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मौके से एक पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया गया है।
दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग का आरोप
रोहित पर 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक कलां गांव में हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर पर गोलियां चलाने का आरोप है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।जांच के दौरान रोहित उर्फ बोदा का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
कई गंभीर मामलों में पुलिस को थी तलाश
पुलिस के मुताबिक, रोहित का नाम हिसार के बाडो पट्टी टोल प्लाजा के प्रबंधक संजय शुक्ला हत्याकांड में भी सामने आया है। इसके अलावा सोनीपत की गुड़ मंडी में एक व्यापारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
भिगान फ्लाईओवर से पुलिस को चकमा देकर भागा था
एसीपी सोनीपत विपिन कादयान के अनुसार, 19 सितंबर की रात भिगान फ्लाईओवर के पास पुलिस ने आरोपियों को घेर लिया था। उस दौरान रोहित के साथी मनोज उर्फ फिल्मी ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी थी और घायल हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वहीं कबीरपुर निवासी सचिन को भी पुलिस ने पकड़ लिया था।पूछताछ में सामने आया कि रोहित भी उनके साथ था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था। अब मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस को इस मामले में अहम सफलता मिली है।फिलहाल रोहित अस्पताल में भर्ती है। पुलिस उसकी हालत में सुधार होने के बाद पूछताछ कर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग समेत अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका की जांच करेगी।