समर न्यूज | नई दिल्ली
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की उड़ान एफजेड1073 में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद विमान को संभावित हादसे से बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की है। नेतन्याहू ने फोन पर बातचीत के दौरान उन्हें इजराइल, भारत और पूरी दुनिया का ‘हीरो’ बताया।
नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इजराइल के अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया है। उन्होंने स्मित को समारोह में प्रतीकात्मक ज्योति प्रज्ज्वलित करने का न्योता देते हुए कहा कि यह इजराइल में दिया जाने वाला बड़ा सम्मान है। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लायदुबई की उड़ान में उस समय आपात स्थिति पैदा हो गई थी, जब कॉकपिट में सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर हमला कर दिया। विमान में 174 यात्री सवार थे। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला। दो अन्य पायलटों ने बाद में विमान को संभाला और सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा।
नेतन्याहू को बताई हमले की कहानी
फोन पर बातचीत के दौरान मच्छार ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले सह-पायलट ने उनसे प्रार्थना करने की बात कही थी। सम्मान के कारण वह सामने की ओर देखने लगे। कुछ मिनट बाद उनके सिर के पीछे अचानक तेज वार हुआ। शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी खराबी हुई है, लेकिन लगातार हमले होने पर उन्हें एहसास हुआ कि हमला सह-पायलट कर रहा है। हमले के कारण उनकी नजर धुंधली हो गई थी और वह कॉकपिट के फर्श पर गिर गए। इसी दौरान उन्हें महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। मच्छर ने बताया कि उन्होंने अपनी बची हुई ताकत जुटाकर कॉकपिट का दरवाजा खोलने का अंतिम प्रयास किया। दरवाजा खुलते ही बाहर मौजूद लोगों ने अंदर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
नेतन्याहू ने मच्छार के साहस और संकट की स्थिति में उनके निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल यात्रियों की जान बचाई, बल्कि असाधारण बहादुरी का उदाहरण भी पेश किया।
कैप्टन स्मित का यूएई में चल रहा इलाज
कैप्टन मच्छार का फिलहाल संयुक्त अरब अमीरात में इलाज चल रहा है और भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी हालत स्थिर है तथा वह स्वस्थ हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्टों में सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में की गई है। यूएई अधिकारियों ने घटना की जांच को आगे बढ़ाते हुए इसे कथित ‘आतंकी कृत्य’ का प्रयास बताया है, हालांकि हमले के मकसद और संभावित नेटवर्क की जांच अभी जारी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अस्पताल में भर्ती कैप्टन मच्छार से बातचीत कर उनकी बहादुरी और सूझबूझ की प्रशंसा की थी।