summer express,गुवाहाटी। असम के नागांव जिले में मंगलवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 दर्ज की गई।
एनसीएस के अनुसार, भूकंप सुबह करीब 4 बजकर 23 मिनट पर आया। इसका केंद्र नागांव में जमीन की सतह से लगभग 33 किलोमीटर नीचे स्थित था। तड़के आए भूकंप के झटकों के बाद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
इससे पहले रविवार देर रात हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। एनसीएस के मुताबिक, ऊना में आए भूकंप की तीव्रता 2.5 रही थी। भूकंप रात करीब 11 बजकर 48 मिनट पर आया और इसका केंद्र जमीन से करीब 9 किलोमीटर की गहराई में था। कम तीव्रता के इस भूकंप से भी किसी नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई थी।