Summer express/सोलन -:ग्राम पंचायत बुघार-कनैता के गांव बुघार घाट में आयोजित ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम में दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई विकास कार्यों को मौके पर ही मंजूरी प्रदान की। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सड़क, रास्ते, सामुदायिक भवन, पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांगें विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर इन मांगों पर कार्रवाई करते हुए कुल 26.75 लाख रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी।
पंचायत की मांगों पर विधायक ने दिखाई तत्परता
पंचायत की ओर से सामुदायिक भवनों के निर्माण के साथ आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक पाठशाला तक जाने वाले रास्तों को बेहतर बनाने, इंटरलॉकिंग टाइल लगाने, लिंक रोड तथा पुलिया निर्माण की मांग रखी गई। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और इसी के तहत पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।स्वीकृत कार्यों में बुघार-कनैता में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, नवीन भवन/सामुदायिक भवन के लिए 3 लाख रुपये, आंगनबाड़ी की ओर लिंक एवं इंटरलॉकिंग टाइल रास्ते के लिए 2 लाख रुपये तथा प्राथमिक पाठशाला की ओर लिंक रोड के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये शामिल हैं।इसके अलावा ग्राम पंचायत क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल रास्ते के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, संबंधित वार्ड में लिंक रोड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये, कुठार क्षेत्र में पुलिया निर्माण के लिए 1.75 लाख रुपये और अतिरिक्त सामुदायिक विकास एवं भवन संबंधी कार्यों के लिए 2 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इस तरह इन सभी कार्यों पर कुल 26 लाख 75 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
बुघार-कनैता में सड़क, रास्ते और भवन निर्माण के लिए 26.75 लाख स्वीकृत
विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों को जल्द शुरू करवाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन अन्य मांगों को तत्काल स्वीकृति नहीं मिल सकी है, उनकी विभागीय स्तर पर समीक्षा कर आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सड़क, रास्ते, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।कार्यक्रम में ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं से भी विधायक को अवगत करवाया। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की ओर से रखी गई जायज मांगों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।