summer express,करनाल (राकेश कुमार शर्मा)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस ने करनाल में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पोस्टरों पर कालिख पोतकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके मुताबिक लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
प्रदर्शन में कुरुक्षेत्र से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए विपक्षी दल सड़कों पर उतर रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के नागरिकों को मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया था, लेकिन आज कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठा रही है।
अशोक अरोड़ा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग समेत अन्य संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रही है और राहुल गांधी लगातार इस मामले को उठा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में मुख्य न्यायाधीश को शामिल नहीं किए जाने के बाद कांग्रेस को सरकार की मंशा पर सवाल उठाने का आधार मिला।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाए। अशोक अरोड़ा ने फॉर्म-6 में हुए बदलावों को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग से इस संबंध में जवाब मांग रही है। भाजपा की ओर से कांग्रेस के विरोध को गलत बताए जाने पर उन्होंने कहा कि अगर सवाल कांग्रेस उठा रही है तो उसका जवाब भाजपा क्यों दे रही है।
असंध के पूर्व कांग्रेस विधायक शमशेर सिंह गोगी ने भी प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अपनी इच्छा से सड़कों पर नहीं उतरे हैं, बल्कि सरकार की नीतियों ने उन्हें प्रदर्शन के लिए मजबूर किया है। गोगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन मुद्दों को लेकर जागरूक हो रही है और देशभर में आक्रोश दिखाई दे रहा है।
शमशेर सिंह गोगी ने 2024 के बाद हुए चुनावों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने एसआईआर को रद्द करने और दोबारा चुनाव कराने की मांग की। उनका कहना था कि देश में लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए तथा जनता की चुनी हुई सरकार ही सत्ता में होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान गोगी ने राहुल गांधी को लेकर भाजपा के पुराने राजनीतिक तंज का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस राहुल गांधी को कभी ‘पप्पू’ कहती थी, आज वही राहुल गांधी भाजपा के लिए ‘पापा’ बन गए हैं।
वहीं, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा की ओर से सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लेकर कांग्रेस हाईकमान को लिखे गए पत्र के संबंध में सवाल पूछे जाने पर अशोक अरोड़ा ने टिप्पण