Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:बिजली बोर्ड हमीरपुर ने स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत जिले के 15 विद्युत उपमंडलों में उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शिविरों के माध्यम से लोगों को स्मार्ट मीटर के फायदे बताए गए और इन्हें लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया।बिजली बोर्ड के अनुसार, स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक पर आधारित हैं और इनके लगने से उपभोक्ताओं को बिजली बिल से संबंधित सुविधाएं मिलेंगी।वहीं, कुछ लोगों में यह आशंका है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अधिक आएगा या सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी बंद हो जाएगी। बोर्ड ने इन आशंकाओं को दूर करने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक करना शुरू किया है।
जिले में अब तक हजारों स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। हालांकि, इनके स्थापित किए जाने को लेकर कुछ स्थानों पर विरोध भी सामने आया है। कई जगहों पर बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में बोर्ड का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और इसके लाभों की जानकारी देकर उनका भ्रम दूर किया जाए।बिजली बोर्ड का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाना उपभोक्ताओं के हित में है। इससे बिजली बिलिंग प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा। बोर्ड के मुताबिक, आने वाले समय में घरों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। जागरूकता शिविरों के जरिए लोगों को योजना के बारे में जानकारी देकर इसे लेकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जा रहा है।
बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के संबंध में उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विद्युत उपमंडल स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी है और यह योजना उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी साबित होगी।