Summer express/हमीरपुर, अरविंद-:हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली एथलीट प्रिया ठाकुर ने सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। दिल्ली में आयोजित इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद हमीरपुर पहुंचने पर प्रिया ठाकुर और उनके कोच अनिल शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता नरेंद्र अत्री की अगुवाई में सैकड़ों खिलाड़ियों ने दोनों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।इस अवसर पर नरेंद्र अत्री ने प्रिया ठाकुर और कोच अनिल शर्मा को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ खिलाड़ियों की ओर से 11 हजार रुपये की सम्मान राशि भेंट की गई। खिलाड़ियों के बीच लड्डू बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। अत्री ने प्रिया और उनके कोच को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
नरेंद्र अत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।जरूरत केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है। जब भी प्रदेश के खिलाड़ियों को सही अवसर मिले हैं, उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है।उन्होंने कहा कि प्रिया ठाकुर की सफलता उनकी और उनके कोच अनिल शर्मा की पिछले दस वर्षों से जारी निरंतर मेहनत का परिणाम है। प्रिया ने इसी वर्ष जनवरी में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब सीनियर नेशनल में कांस्य पदक हासिल कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।अत्री ने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विकास का उल्लेख करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण देने की नीति से अनेक खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर मिले हैं। प्रिया के कोच अनिल शर्मा भी इसका उदाहरण हैं। धर्मशाला और हमीरपुर में निर्मित सिंथेटिक ट्रैक खिलाड़ियों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि हमीरपुर में राष्ट्रीय खेल उत्कृष्ट केंद्र में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं से कुश्ती, बैडमिंटन, जूडो सहित विभिन्न खेलों में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम और सांसद खेल महाकुंभ जैसी पहल युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।इस मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों ने प्रिया ठाकुर की उपलब्धि को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।