Summer express/ऊना, विकास –: शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन प्रसिद्ध कथा वाचिका एवं मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और हवन कुंड में आहुतियां डालकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।मंदिर में पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र शिंदा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इसके बाद विधिपूर्वक हवन करवाया गया, जिसमें जया किशोरी ने पूरी श्रद्धा के साथ भाग लिया। उन्होंने माता के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
पहली बार माता चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचीं जया किशोरी
दर्शन के बाद जया किशोरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह पहली बार माता चिंतपूर्णी के दरबार में आई हैं। यहां पहुंचकर उन्हें बेहद आनंद और अलौकिक शांति की अनुभूति हुई। उन्होंने मंदिर परिसर के आध्यात्मिक वातावरण और माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा भी व्यक्त की।इस दौरान जया किशोरी ने पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र शिंदा को पिता कहकर संबोधित किया और उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि रविंद्र शिंदा ने उन्हें माता के दर्शन करवाने के साथ-साथ इस पवित्र स्थल के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। जया किशोरी ने इच्छा जताई कि वह जल्द ही अपने परिवार के साथ दोबारा माता के दरबार में हाजिरी लगाने आएंगी।माता चिंतपूर्णी के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद जया किशोरी शक्तिपीठ मां ज्वाला देवी और मां कांगड़ा देवी के दर्शन के लिए रवाना हो गईं। नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। धार्मिक स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ माता रानी के दर्शन कर रहे हैं।