Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी के गांव ब्राह्मण माजरा में आधुनिक डेयरी कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। इसके लिए सरकार से 60.19 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। कॉम्प्लेक्स में शहर की सभी डेयरियों को एक स्थान पर शिफ्ट करने की योजना है, जिससे रिहायशी इलाकों में गोबर से होने वाली गंदगी और असुविधा से राहत मिलेगी। इस परिसर में पशुओं और उनके मालिकों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अनिल विज ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि डेयरी कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए करीब 21 एकड़ जमीन पहले ही ली जा चुकी है और इसके नक्शे भी पास हो चुके हैं। प्रस्तावित परिसर में पशुओं के लिए अलग क्षेत्र बनाया जाएगा। वहीं, पशुपालकों के ठहरने और आराम करने के लिए रेस्ट हाउस की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने कहा कि कॉम्प्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि डेयरी संचालकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
मंत्री ने बताया कि डेयरी कॉम्प्लेक्स तक पहुंच आसान बनाने के लिए टांगरी नदी पर एक नया पुल भी बनाया जाएगा। यह पुल एकता विहार के निकट प्रस्तावित है, जिससे पशुपालकों को लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। पुल निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है, लेकिन बीच में कुछ अड़चनें आने के कारण काम रुक गया था। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अनिल विज के अनुसार, डेयरी कॉम्प्लेक्स में गोबर गैस प्लांट और सोलर सिस्टम भी लगाया जाएगा। इससे गोबर का बेहतर उपयोग करने के साथ सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उत्पादन की सुविधा मिलेगी। शहर की डेयरियों को एक स्थान पर स्थानांतरित करने से सफाई व्यवस्था में सुधार होने और गोबर के कारण पैदा होने वाली गंदगी कम होने की उम्मीद है।
अभिनेता मनीष चौधरी ने अनिल विज से की मुलाकात
बॉलीवुड फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा के पिता की भूमिका निभाने वाले अभिनेता मनीष चौधरी ने मंगलवार को अंबाला छावनी स्थित अनिल विज के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान विज ने अभिनेता को शुभकामनाएं देते हुए शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए फिल्म की सराहना की।
मनीष चौधरी ने बताया कि वह अंबाला छावनी के एसडी कॉलेज के विद्यार्थी रहे हैं। उनके पिता सेना में अधिकारी थे और अंबाला छावनी में तैनाती के दौरान उन्होंने इसी कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की थी। मुलाकात के दौरान अनिल विज ने अभिनेता के अभिनय की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।