Summer express, जलालाबाद। पंजाब के फाजिल्का जिले के सीमावर्ती गांव चक्क पक्खी में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। देर रात मोमोज की रेहड़ी पर हुई कहासुनी के बाद एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।
मृतक की पहचान गांव चक्क पक्खी निवासी जगमीत सिंह के रूप में हुई है। जलालाबाद के डीएसपी लवदीप सिंह गिल के अनुसार, जगमीत सिंह देर रात अपने दोस्त बेअंत सिंह के साथ गांव में लगी मोमोज की रेहड़ी पर गया था। वहां रेहड़ी संचालकों के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान जगमीत सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर जगमीत सिंह के पिता भी मौके पर पहुंच गए। पेट और छाती पर गंभीर चोटें लगने के कारण जगमीत को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज को जांच में शामिल कर रही है और वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। डीएसपी लवदीप सिंह गिल ने बताया कि इस मामले में चिमने वाला गांव निवासी गुरचरण सिंह और बिट्टू सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार का पता लगाने और उसे बरामद करने के प्रयास कर रही है।
जगमीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पुराने मोटरसाइकिल खरीदने-बेचने का कारोबार करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा बन गई है।