Summer express/नूरपुर/संजीव महाजन -:नूरपुर क्षेत्र को परिवहन सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। इनके संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये की मंजूरी का उल्लेख करते हुए बांध का निर्माण रिकॉर्ड समय में पूरा करने का भरोसा दिलाया।
पांच रूटों पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
नई इलेक्ट्रिक बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर संचालित की जाएंगी।एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि बसों का संचालन इस तरह निर्धारित किया गया है कि प्रत्येक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर का सफर तय करेगी। जसूर और पठानकोट में चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान पहली इलेक्ट्रिक बस को बैजनाथ मंदिर रूट के लिए रवाना किया गया।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े को आधुनिक बनाने की दिशा में व्यापक स्तर पर काम किया जा रहा है। निगम में 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 200 हाइड्रोजन बसें और 250 डीजल बसें भी बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नूरपुर क्षेत्र को और बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। निगम में 300 ड्राइवर और 300 कंडक्टरों की भर्ती भी शीघ्र की जाएगी।
सत महाजन के सपने को पूरा करना प्राथमिकता
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नूरपुर क्षेत्र के साथ उनका पुराना और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। क्षेत्र के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सत महाजन ने इलाके के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें सत महाजन के साथ काम करने और उनसे सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सत महाजन की महत्वाकांक्षी फिना सिंह परियोजना को पूरा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने बताया कि लगभग 650 करोड़ रुपये की यह परियोजना करीब 12 वर्षों से लंबित थी। इस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद धन की कमी के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। अब परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर करवाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आवश्यक धनराशि उपलब्ध होने से बांध का निर्माण तेजी से आगे बढ़ेगा और इसे रिकॉर्ड समय में पूरा किया जाएगा।
पेयजल और सीवरेज के कार्य भी जारी
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। क्षेत्र में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज संबंधी कार्य और 35 करोड़ रुपये के पेयजल कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास परियोजनाओं को और गति प्रदान की जाएगी, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
डिप्टी चेयरमैन प्लानिंग भवानी सिंह पठानिया ने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को परिवहन निगम के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे निगम के संचालन खर्च में कमी आने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं, पूर्व विधायक अजय महाजन ने नूरपुर को नई बसें उपलब्ध करवाने और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।