अशवनी पाहवा |लुधियाना
समर न्यूज
मानसा में परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को दी गई पंजाब बंद की कॉल का लुधियाना में मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के कई इलाकों में दुकानें और बाजार बंद रहे, जबकि कुछ जगहों पर कारोबार सामान्य रूप से चलता रहा।
इस दौरान सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति भी बनी रही। बंद को सफल बनाने के लिए निहंग सिख जत्थेबंदियों के सदस्य विभिन्न बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से दुकानें बंद करने की अपील की। शहर के प्रमुख कारोबारी इलाकों में बंद का असर अलग-अलग समय पर देखने को मिला। फिरोज गांधी मार्केट में निहंग जत्थेबंदियों ने बैंकों को बंद करवाया। इसके अलावा घुमार मंडी, चौड़ा बाजार और फील्ड गंज, माधोपुरी, शिंगार रोड, समराला चौक, गिल रोड, कोचर मार्किट, हैबोवाल, मॉडल टाउन, दुगरी, जमालपुर, मुंडिया में भी दुकानें बंद करवाई गईं। चौड़ा बाजार में शुरुआत में कई दुकानें खुली थीं, लेकिन बाद में जत्थेबंदियों के सदस्य वहां पहुंचे और दुकानदारों से बंद के समर्थन में दुकानें बंद करने को कहा। इस दौरान कुछ स्थानों पर तकरार होने की भी बात सामने आई।
{चंडीगढ़ रोड पर जाम, आवाजाही हुई प्रभावित: बंद के दौरान चंडीगढ़ रोड पर भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क बंद करवाई। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कुछ अन्य हिस्सों में भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि, कई सड़कों पर सामान्य दिनों की तरह आवाजाही जारी रही, जिससे पूरे शहर में बंद का असर एक जैसा नहीं रहा।
{पंजाब भर में टोल प्लाजा करवाए फ्री: बंद के समर्थन में पंजाब के विभिन्न टोल प्लाजा पर भी जत्थेबंदियों की गतिविधियां देखने को मिलीं। लुधियाना में लाडोवाल स्तिथ टोल प्लाजा को भी बंद करवाया गया। इस दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों को बिना टोल शुल्क दिए गुजरने देने की व्यवस्था की गई। बंद की कॉल के तहत पंजाब भर में टोल प्लाजा फ्री करवाए जाने की बात सामने आई, जिससे वाहन चालकों को टोल शुल्क नहीं देना पड़ा।
{करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की मौत: बंद के दौरान चंडीगढ़ रोड स्थित एक धरना स्थल पर हादसा भी हो गया। यहां बोर्ड उतारने के लिए खंभे पर चढ़े 22 वर्षीय युवक को करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। वहीं, पुलिस प्रशासन की टीमें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और धरना स्थलों पर तैनात रहीं। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए थी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कुल मिलाकर लुधियाना में बंद का मिला-जुला असर रहा, लेकिन बाजार बंद करवाने, सड़क जाम और टोल प्लाजा फ्री करवाने के कारण शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ।