Summer express, कैथल। हरियाणा के कैथल में करनाल रोड पर शुगर मिल के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान खुराना रोड निवासी अभिषेक और रक्षत तथा कलायत निवासी कृष्ण के रूप में हुई है। अभिषेक और रक्षत सगे भाई बताए जा रहे हैं। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना देर रात हुई थी, लेकिन पुलिस को इसकी सूचना शुक्रवार सुबह मिली। सुबह करीब पांच बजे एक राहगीर सड़क पर घूमने निकला तो उसने दुर्घटनाग्रस्त कार को देखा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रोहताश भी मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।