असंतुष्ट अभ्यर्थी उसी दिन दर्ज कराएं आपत्ति
Summer express/हमीरपुर, अरविंद- :हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल के 800 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। इन पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (ग्राउंड टेस्ट) 27 अक्टूबर से शुरू होगी। भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को टेस्ट में अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करना होगा। ग्राउंड टेस्ट उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवार लिखित परीक्षा में बैठ सकेंगे, जिसका आयोजन पुलिस विभाग की ओर से किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि हमीरपुर स्थित सिंथेटिक ट्रैक पर 27 से 31 अक्टूबर तक फिजिकल टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, 29 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। इसके अतिरिक्त भर्ती प्रक्रिया के लिए 1 और 2 नवंबर की तारीखें रिजर्व रखी गई हैं।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से अपना कॉल लेटर डाउनलोड कर लें। कॉल लेटर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि ग्राउंड पर पुलिस विभाग की ओर से कॉल लेटर डाउनलोड करके उपलब्ध नहीं करवाए जाएंगे। इसलिए टेस्ट में शामिल होने से पहले इसे डाउनलोड करना अनिवार्य है।एसपी ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को शारीरिक परीक्षा के परिणाम को लेकर कोई आपत्ति है, तो वह उसी दिन भर्ती कमेटी के समक्ष लिखित रूप में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है। आपत्ति पर अंतिम निर्णय भर्ती कमेटी ही लेगी।बलबीर सिंह ने कहा कि भर्ती के लिए विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे पूरी तैयारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर ग्राउंड में पहुंचें और इस अवसर का लाभ उठाएं।