Summer express, अबोहर (फाजिल्का)। पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी सुखमंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर एक मोटरसाइकिल पिकअप के नीचे फंसी हुई मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक बलकरण सिंह ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप ने सुखचैन सिंह नामक एक अन्य व्यक्ति को भी टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुखचैन सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक बलकरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।