Summer express, रोहतक। हरियाणा के रोहतक में करवा चौथ की खरीदारी करने बाजार जा रही एक शिक्षिका से बाइक सवार युवक पर्स छीनकर फरार हो गया। पीड़िता दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल की पत्नी है। वारदात के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसके पति ने पुलिस की मदद से करीब 16 घंटे के भीतर मोबाइल फोन बरामद करवा लिया। हालांकि, पर्स में रखी नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज अभी तक नहीं मिल पाए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के सोहना निवासी शिक्षिका योगिता रोहतक के मकड़ौली खुर्द में अपनी ननद के घर आई हुई थीं। शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी ननद रीतू के साथ स्कूटी पर सवार होकर दिल्ली बाइपास से किला मार्केट की ओर जा रही थीं। स्कूटी उनकी ननद चला रही थीं, जबकि योगिता पीछे बैठी थीं। जब दोनों छोटूराम चौक और भारतीय सेना कार्यालय के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर आए एक युवक ने योगिता का पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
पर्स में करीब 20,800 रुपये नकद, मोबाइल फोन, स्कूल का पहचान पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। वारदात के बाद महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। योगिता के पति सोनू कुमार दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि छीने गए मोबाइल फोन में उनकी ईमेल आईडी दर्ज थी। इसकी मदद से उन्होंने फोन की लोकेशन का पता लगाया और आर्य नगर थाना पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे माता दरवाजा क्षेत्र के पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पर्स और मोबाइल फोन वहां फेंककर फरार हो गया था, जबकि नकदी और जरूरी दस्तावेज अपने साथ ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के दौरान आरोपी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।