गीत-संगीत और मेहंदी के बीच मनाया त्योहार, शिमला शहर, ग्रामीण और कसुम्पटी की महिलाओं ने लिया हिस्सा
Summer express/शिमला, संजू -: करवाचौथ के अवसर पर राजधानी शिमला में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और पहाड़ी संस्कृति के रंगों के साथ त्योहार मनाया। भाजपा जिलाध्यक्ष केशव चौहान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिमला शहर, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्रों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में गीत-संगीत, नृत्य और मेहंदी के साथ उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को हिमाचल की पारंपरिक वेशभूषा का प्रतीक धाटू भेंट किए गए। महिलाओं ने धाटू पहनकर अपनी संस्कृति के प्रति लगाव प्रदर्शित किया और तस्वीरें खिंचवाकर इन पलों को यादगार बनाया। पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने पहाड़ी गीतों पर नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। पूरे आयोजन में हिमाचली संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।समारोह में महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर मेहंदी लगाई और गीत गाकर करवाचौथ की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ आपसी मेलजोल और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी रहा।
समाजसेविका श्वेता चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और आपसी संबंध मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि धाटू हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। त्योहारों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति, वेशभूषा और रीति-रिवाजों से जोड़ने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी और उत्साह ने समारोह को खास बना दिया। पारंपरिक पहनावे, पहाड़ी गीतों और सामूहिक नृत्य के बीच करवाचौथ का उत्सव यादगार रहा।