Summer express, कैथल (बलिंदर कुमार)। जिले को नशामुक्त बनाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कैथल पुलिस ने मंगलवार सुबह गुहला क्षेत्र के गांव खरकां में विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। डीएसपी गुहला हरदीप सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में आठ पुलिस टीमों के करीब 100 कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों सहित करीब 12 घरों की तलाशी ली गई। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाली दो बाइकों को इंपाउंड किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों की धरपकड़ और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को गांव खरकां में पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। अभियान में एसएचओ गुहला इंस्पेक्टर शिव कुमार, सीआईए गुहला प्रभारी पीएसआई रवि और रामथली चौकी प्रभारी एएसआई राजेश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस टीमों ने संदिग्ध नशा तस्करों के करीब 12 घरों की जांच की। इसके अलावा गांव में अन्य स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं या किसी स्थान पर नशे की बिक्री अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियां तो नहीं हो रही हैं।
डीएसपी गुहला हरदीप सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और नशा तस्करों तथा अन्य अपराधियों पर शिकंजा कसना है। पुलिस का लक्ष्य कैथल जिले को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाली दो बाइकों को इंपाउंड किया गया है।
उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के साथ-साथ पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को भी जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें गांव या आसपास के क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की बिक्री करने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
डीएसपी ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य नशा तस्करी और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना है।