Summer express, फरीदकोट। पंजाब के कोटकपूरा शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जैतो चुंगी के पास स्थित एक घर को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े निशाना बनाते हुए करीब 15 तोले सोने के गहने और 6 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्हें घर का सामान बिखरा मिला और अलमारियों में रखे गहने व नकदी गायब मिले।
जानकारी के अनुसार, फतेह चंद छाबड़ा का परिवार सुबह करीब 9 बजे दीपावली के अवसर पर गांव संधवां स्थित डेरा राधा स्वामी में आयोजित सत्संग में शामिल होने गया था। परिवार के सदस्य करीब 11 बजे वापस लौटे तो घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त देखकर हैरान रह गए। जांच करने पर पता चला कि अलमारियों में रखे सोने के गहने और नकदी चोरी हो चुके थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उन्होंने रसोई के शीशे तोड़कर कमरों तक पहुंच बनाई और अलमारियों में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सिटी कोटकपूरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और वारदात की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
परिवार के करीबी रिश्तेदार विजय नरूला ने बताया कि चोरी के समय परिवार के सभी सदस्य सत्संग में शामिल होने गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की।
थाना सिटी के एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि चोरों को पकड़ने और चोरी का सामान बरामद करने के लिए प्रयास जारी हैं।