शिमला संजू-:हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निहारिका राणा ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश को गौरवान्वित किया है। कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित कुराश विश्व चैंपियनशिप में निहारिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। विश्वभर के अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ियों के बीच अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक और दृढ़ संकल्प का परिचय देकर उन्होंने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कजाकिस्तान रवाना होने से पहले निहारिका राणा ने शिमला में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी तैयारियों और प्रतियोगिता को लेकर किए जा रहे अभ्यास की जानकारी साझा की थी। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अपनी मेहनत को सफलता में बदल दिया।निहारिका की इस उपलब्धि से पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री ने उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि से प्रदेश का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। उन्होंने निहारिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।निहारिका राणा की यह सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि से हिमाचल में खेल प्रतिभाओं को नई प्रेरणा मिलेगी और अन्य युवा खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।