Summer express, सुन्दर कुंडू , पलवल। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नन्ही बच्ची का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्ची पूर्व मंत्री करण दलाल के आवास पर पहुंचकर उनसे शादियों में डीजे बजाने की अनुमति देने की भावुक अपील करती नजर आ रही है। बच्ची पूर्व मंत्री को दादू कहकर संबोधित करते हुए कहती है कि अगर शादियों में डीजे नहीं बजेगा तो वह डांस की प्रैक्टिस कैसे करेगी। बच्ची की इस मासूम अपील का वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में पूर्व मंत्री करण दलाल बच्ची को डीजे बजाने से होने वाले नुकसान और तेज आवाज के दुष्प्रभावों के बारे में समझाते हैं। इस पर बच्ची मासूमियत से जवाब देती है कि डीजे तेज आवाज में नहीं, बल्कि धीमी आवाज में बजा लिया जाएगा। बच्ची की इस बात ने वीडियो को और भी खास बना दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस बातचीत को काफी पसंद कर रहे हैं।
दरअसल, पलवल के मिंडकोला गांव में 6 सितंबर को 52 पाल की महापंचायत आयोजित की गई थी। इस महापंचायत में समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे। इनमें दहेज प्रथा, मृत्यु भोज और किसी भी उत्सव या समारोह में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय भी शामिल था। महापंचायत में लिए गए इन फैसलों के बाद संबंधित सामाजिक परंपराओं पर रोक लगाई गई है।
इसी प्रतिबंध के बीच बच्ची की डीजे बजाने की अपील का वीडियो सामने आया है। बच्ची का कहना है कि डीजे बंद होने से उसकी डांस की प्रैक्टिस प्रभावित हो रही है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और बच्ची की मासूमियत को लेकर चर्चा हो रही है।