Summer express, राहुल चावला, धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश। भैया दूज के अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को एचआरटीसी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। इस विशेष व्यवस्था के तहत महिलाएं सूर्योदय से सूर्यास्त तक प्रदेश में चलने वाली एचआरटीसी की साधारण बसों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक बसों में भी बिना किराया दिए सफर कर रही हैं। त्योहार पर मिली इस सुविधा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
निशुल्क यात्रा की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एचआरटीसी धर्मशाला मंडल के डीएम पंकज चड्डा ने विभिन्न बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बसों में सफर कर रही महिलाओं से बातचीत की और मुफ्त यात्रा को लेकर उनके अनुभव जाने। निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने सरकार की इस पहल पर खुशी जताई और कहा कि इससे त्योहार के दिन अपने गंतव्य तक पहुंचने में उन्हें आर्थिक राहत मिल रही है।
डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि भैया दूज पर महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से उनमें काफी खुशी है। एचआरटीसी प्रदेश में महिलाओं के लिए लाइफलाइन की तरह है और इस विशेष अवसर पर वे बिना किराया दिए बसों में सफर कर रही हैं। उन्होंने बताया कि निशुल्क यात्रा के दौरान महिलाओं को जीरो टिकट जारी किया जा रहा है, ताकि विभाग के पास इस सुविधा का लाभ उठाने वाली महिलाओं का रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।
उन्होंने बताया कि बसों में सफर कर रही कई महिलाओं ने वापसी की यात्रा में भी मुफ्त सुविधा मिलने को लेकर सवाल पूछे। इस पर उन्हें बताया गया कि सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्धारित अवधि में एचआरटीसी की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस बार प्रदेश के भीतर संचालित नई इलेक्ट्रिक बसों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
पंकज चड्डा ने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत वाली नई इलेक्ट्रिक बस में भी महिलाएं बिना किराया दिए सफर कर रही हैं। इलेक्ट्रिक बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की। इस सुविधा से भैया दूज के अवसर पर महिलाओं को आवागमन में राहत मिली है।