Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर) | डाक विभाग के सर्कल कार्यालय में एक कर्मचारी की 12 वर्षों से लगातार तैनाती को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कर्मचारी के तबादले की मांग को लेकर भारतीय डाक प्रशासनिक कार्यालय कर्मचारी संघ ने अंबाला में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। यूनियन ने विभाग की तबादला नीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जहां सामान्य तौर पर तीन साल बाद कर्मचारियों और अधिकारियों की सीट बदल दी जाती है, वहीं विनय दत्त को लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात रखा गया है।
भारतीय मजदूर संघ पोस्टल यूनियन के हरियाणा प्रदेश प्रभारी सचिन खर्ब ने कहा कि चीफ पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर तैनात विनय दत्त का 12 साल से तबादला नहीं किया गया है। उनका कहना है कि विनय दत्त अंबाला मंडल के कर्मचारी हैं और डिवीजन कार्यालय के कर्मचारी को सर्कल कार्यालय में तैनात करना डायरेक्टरेट के नियमों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने विभाग पर तबादला नीति लागू करने में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
सचिन खर्ब के मुताबिक, यूनियन पिछले पांच महीने से इस मुद्दे को अधिकारियों के सामने उठा रही है, लेकिन उनकी मांग पर कोई ठोस बातचीत नहीं हुई। धरने का नोटिस देने के बावजूद अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों की समस्या का समाधान करने के लिए पहल नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो दिसंबर में हरियाणा की यूनियनें जॉइंट कैडर की सहमति से बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगी।
वहीं, भारतीय मजदूर संघ पोस्टल यूनियन के सर्कल सचिव प्रवीण ने कहा कि इस संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने धरना स्थल पर पुलिस की भारी तैनाती पर भी नाराजगी जताई। प्रवीण ने कहा कि यदि संबंधित कर्मचारी का तबादला नहीं किया गया तो यूनियन दिसंबर में आंदोलन को और व्यापक करने का फैसला ले सकती है।
दूसरी ओर, डाक विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर (स्टाफ एवं एचआरडी) अरुण गोयल ने यूनियन के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि विनय दत्त पहले चीफ पोस्टमास्टर जनरल के निजी सचिव (पीएस) के पद पर तैनात थे। अब उनका तबादला नवगठित मॉनिटरिंग सेल के प्रभारी के रूप में कर दिया गया है। गोयल के अनुसार, तीन नवंबर को हुई सर्कल मीटिंग में भी यूनियन को इस संबंध में जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि यूनियन का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को उठाना है, लेकिन विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बावजूद एक ही मुद्दे पर धरना दिया जा रहा है।