Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार एक महत्वपूर्ण परियोजना पर काम करने जा रही है। तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के साथ लगती करीब सात एकड़ भूमि पर आधुनिक कन्वेंशन सेंटर और होटल का निर्माण प्रस्तावित है।इस परियोजना से जहां धर्मशाला में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं विधानसभा सत्र के दौरान आने वाले विधायकों और अन्य गणमान्य लोगों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस संबंध में जानकारी साझा की है।उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से परियोजना के लिए करीब सात एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। इस भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त कन्वेंशन सेंटर और होटल विकसित किया जाएगा। विधानसभा सत्र के दौरान यहां पहुंचने वाले माननीय सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था भी इसी होटल में की जा सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कन्वेंशन सेंटर और होटल का संचालन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (ओएंडएम) आधार पर आउटसोर्स किया जाएगा, जिससे इनका रखरखाव और प्रबंधन बेहतर तरीके से सुनिश्चित हो सके।
पठानिया ने कहा कि तपोवन विधानसभा परिसर प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर बेहद आकर्षक स्थान पर स्थित है। इस क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से विकास की काफी संभावनाएं मौजूद हैं। आधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों, बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों का रास्ता खुलेगा।उन्होंने कहा कि इस परियोजना का मकसद केवल विधानसभा परिसर का बेहतर उपयोग करना नहीं, बल्कि धर्मशाला को पर्यटन और आयोजनों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना भी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय स्तर पर आर्थिक अवसर बढ़ने की उम्मीद है।