Summer express, लुधियाना। शहर के हरगोविंद नगर इलाके में देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बीच एक युवक ने अपने दोस्त की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली वहां अहाते में बैठे चेतन नामक युवक की पीठ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसी) में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना रात करीब 12:30 बजे थाना डिवीजन नंबर-3 के क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, हरगोविंद नगर स्थित एक अहाते में कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान विक्की नामक युवक ने अपने साथी राम प्रसाद की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। गोली वहां मौजूद चेतन की पीठ में लगी। अचानक गोली चलने से अहाते में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चेतन की शिकायत के आधार पर आरोपी विक्की के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर भी कब्जे में ले ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।