अशवनी पाहवा/शेखर वर्मा लुधियाना |समर न्यूज
महानगर में झपटमारी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बेखौफ बदमाश अब गमगीन माहौल में भी वारदातों को अंजाम देने से गुरेज नहीं कर रहे। ऊंची मंगली इलाके में अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड कर्मी को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बना लिया।
घर के बाहर बैठे बुजुर्ग के हाथ से मोबाइल फोन झपटकर आरोपी फरार होने लगे तो एक ऑटो चालक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। चालक ने अपने ऑटो से बदमाशों की बाइक को टक्कर मारकर दोनों को सड़क पर गिरा दिया, लेकिन आरोपी दोबारा उठकर भागने में कामयाब हो गए। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक पीड़ित की पहचान 73 वर्षीय कृष्णा नंद जोशी के रूप में हुई है। वह करीब सात साल पहले भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए थे।
इन दिनों वह ऊंची मंगली स्थित अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए हुए थे। वारदात को देखकर वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। उसने अपने ऑटो से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।