लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स के सामने राधेश्याम कॉलोनी, देव नगर स्थित नगर निगम के हॉट मिक्स प्लांट को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया है। ट्रिब्यूनल ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के मेंबर सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर जवाब और अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्हें अगली सुनवाई पर संबंधित रिकॉर्ड सहित व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश होने का आदेश दिया है।
एनजीटी की प्रिंसिपल बेंच ने 23 नवंबर 2026 को एग्जीक्यूशन एप्लीकेशन नंबर 69/2026 पर सुनवाई करते हुए यह आदेश जारी किया। मामला पब्लिक एक्शन कमेटी एवं अन्य की ओर से दायर याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं ने मुख्य हम्बड़ा रोड पर हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स के सामने चल रहे नगर निगम के हॉट मिक्स प्लांट को तत्काल बंद कर सील करने की मांग की थी। इसके अलावा प्लांट को जारी सीटीई/सीटीओ को अवैध घोषित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई थी।
इस मामले में एनजीटी ने 5 मई 2026 को पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच कर दो महीने के भीतर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। बोर्ड को तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट ट्रिब्यूनल के रजिस्ट्रार जनरल के समक्ष दाखिल करनी थी।