बैंकॉक | थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के लोकप्रिय ओर तो को बाजार में हुई अचानक गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें खुद हमलावर भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने गोलीबारी के बाद खुद को भी गोली मार ली।
बाजार में दहशत का माहौल
घटना उस वक्त हुई जब बाजार में रोज़ की तरह भारी भीड़ थी। यह जगह ताजे फल-सब्जी, लोकल डिशेज़ और स्थानीय खाद्य उत्पादों के लिए मशहूर है। हमलावर ने चार सिक्योरिटी गार्डों और एक महिला को गोली मारी। कुछ ही मिनटों में इस शांत बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, इलाके को सील किया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया और बाजार को पूरी तरह सील कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी है।
गोलीबारी का कारण अब तक साफ नहीं
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू की जांच की जा रही है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ब्यूरो के डिप्टी कमिश्नर चारिन गोपट्टा ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
प्रशासन ने लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
इस दर्दनाक घटना के बाद बैंकॉक प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह से बचने की अपील की है। वहीं, सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है।