Mandi, Dharamveer
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश में आई आपदा को लेकर सरकार हाई लेवल मॉनिटरिंग कर रही है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें हो रही हैं ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावी ढंग से हो सकें।
मंडी शहर में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है और राहत कार्य में दलगत राजनीति को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम इस त्रासदी में न तो खुद राजनीति करेंगे और न ही किसी को इसकी इजाज़त देंगे। जनता को भरोसा दिलाते हैं कि राहत कार्य पूरी निष्पक्षता से किया जाएगा.उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ रही आपदाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार प्री-डिजास्टर मैनेजमेंट पर फोकस कर रही है। सरकार आधुनिक तकनीकों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अर्ली वार्निंग सिस्टम के उपयोग से ऐसी आपदाओं की पूर्व जानकारी प्राप्त कर मानव जीवन की रक्षा सुनिश्चित करना चाहती है।इसके साथ ही मंत्री ने निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में हो रही लापरवाहियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर गलत कटिंग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है, जो आपदाओं की एक बड़ी वजह बन रही हैं। इन खामियों को लेकर वे केंद्र सरकार के समक्ष भी मामला उठा चुके हैं।
“हिमाचल को विकास चाहिए, लेकिन वह टिकाऊ और सुरक्षित होना चाहिए। लापरवाह कंपनियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” –विक्रमादित्य सिंह