Shimla, 31 July
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने रामपुर उपमंडल की सरपारा पंचायत के अंतर्गत समेज क्षेत्र में बीते वर्ष आई आपदा से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पहली बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्रीय पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एसडीएम और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विशेष राहत पैकेज 2024 के अंतर्गत जारी की जा रही सहायता में तीव्रता लाई जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके। उपायुक्त ने अधिकारियों से समेज आपदा के दौरान मृतकों के डेथ सर्टिफिकेट की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट भी प्राप्त की।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत पैकेज के तहत दी जाने वाली वित्तीय सहायता में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पात्र प्रभावितों को निर्धारित सहायता समय पर प्रदान की जाए, इसकी जिम्मेदारी फील्ड स्टाफ और संबंधित अधिकारियों की होगी। लापरवाही या विलंब की स्थिति में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए कि वे उचित और सटीक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें और कार्यों की जानकारी समय-समय पर उच्च अधिकारियों को भेजें।उन्होंने यह भी बताया कि 31 जुलाई को तकलेच क्षेत्र के पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ अगली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी।इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी संजीत शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।