Chamba, Manjur Pathan
ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में इस बार दुकानदारों के लिए व्यापार आसान नहीं रहा। कैफे रोड पर लगाए गए अस्थायी स्टॉल्स के व्यापारी प्रशासनिक लापरवाही से परेशान हैं। उनका कहना है कि स्टॉल्स के लिए महंगा किराया वसूलने के बावजूद सफाई और मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है।
दुकानदारों ने बताया कि दुकानों के सामने से लोग गुजर तो रहे हैं, लेकिन खरीदारी नगण्य है। उनका आरोप है कि स्टॉल्स ऐसी जगह लगाए गए हैं, जहां न ग्राहक रुक पा रहे हैं और न ही सामान ठीक से प्रदर्शित हो पा रहा है।
व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि उन्हें ऐसी जगह स्थानांतरित किया जाए जहां ग्राहकों की आवाजाही और रुकने की सुविधा बेहतर हो, ताकि उनका व्यापार प्रभावित न हो और मेले में आने का उद्देश्य भी पूरा हो सके।इस मामले में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।