अमेरिका | अमेरिका के कोलोराडो से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पूर्व डेंटिस्ट जेम्स क्रेग ने अपनी पत्नी एंजेला क्रेग को ज़हर देकर मार डाला। कोर्ट ने उसे बिना पैरोल की संभावना के आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
जांच में सामने आया कि जेम्स का कई महिलाओं से अफेयर था, और वह 23 साल की शादी से बाहर निकलना चाहता था। तलाक से बचने और संपत्ति बचाने की नीयत से उसने पत्नी को मारने की साजिश रची। पहले उसने उसकी प्रोटीन शेक में ज़हर मिलाना शुरू किया। जब वह अस्पताल में भर्ती हो गई, तो उसने पोटेशियम साइनाइड मंगाया और अस्पताल में जाकर इंजेक्शन के ज़रिए उसकी हत्या कर दी।
टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में एंजेला की मौत पोटेशियम साइनाइड और टेट्राहाइड्रोजोलिन (आंख की दवा में इस्तेमाल होने वाला रसायन) से हुई पाई गई। सुनवाई के दौरान जेम्स ने अपने बचाव में कोई दलील नहीं दी। उसकी लीगल टीम ने इसे आत्महत्या का मामला बताने की कोशिश की, लेकिन जूरी ने उसे सिरे से खारिज कर दिया।
जज ने इस जघन्य अपराध को देखते हुए न सिर्फ उम्रकैद, बल्कि अतिरिक्त 33 साल की सजा भी सुनाई। कोर्ट के मुताबिक, यह एक ठंडी दिमाग से की गई प्लानिंग थी, जिसका मकसद पत्नी को रास्ते से हटाकर नई जिंदगी शुरू करना था।