हिसार | हिसार के कृष्णा कॉलोनी में गुरुवार को सीएम फ्लाइंग और फूड एंड सप्लाई विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर गैस सिलेंडरों की अवैध रीफिलिंग और कालाबाजारी का पर्दाफाश किया। गोदाम से 44 भरे हुए कॉमर्शियल सिलेंडर, 30 से अधिक खाली सिलेंडर और दो गैस ट्रांसफर मशीनें बरामद की गईं। सभी सिलेंडर भारत गैस और एचपी गैस कंपनियों के पाए गए।
छापेमारी का नेतृत्व कर रहीं सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि उन्हें इस गोरखधंधे की गुप्त सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि गोदाम को महज 10-12 दिन पहले किराए पर लिया गया था, और तभी से इसमें अवैध रूप से गैस की रीफिलिंग की जा रही थी। गोदाम संचालक की पहचान संदीप (निवासी बगला) के रूप में हुई है, जिस पर जल्द केस दर्ज किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस गोदाम पर पहले भी सीएम फ्लाइंग की रेड हो चुकी है। टीम में सीएम फ्लाइंग की ओर से सुनैना और सुरेश ढांडा जबकि फूड एंड सप्लाई विभाग से कृष्ण सांगवान और टिंकू मौजूद रहे। अधिकारी बोले, ऐसे गोरखधंधों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।