Gurugram, 3 August
गुरुग्राम के मोहम्मदपुर झाड़सा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी पड़ोसन के साथ अवैध संबंध छुपाने के लिए महिला के पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को जमीन में दफना दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक विक्रम (निवासी- मोलाहेड़ा, मूलतः नवादा, बिहार) 27 जुलाई को काम पर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना उद्योग विहार में दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर उसी बिल्डिंग में किराए पर रहने वाले रविंद्र (34) को हिरासत में लिया। पूछताछ में रविंद्र ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, रविंद्र का मृतक की पत्नी से अवैध संबंध था। महिला ने भी पुलिस को बताया कि आरोपी ने मार्च 2025 में उसके साथ जबरन संबंध बनाए और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। महिला को धमकी दी गई थी कि यदि उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देगा और उसके पति को नुकसान पहुंचाएगा।
हत्या की रात, रविंद्र ने अपने साथियों मनीष और फरियाद के साथ मिलकर विक्रम को कंपनी से लौटते समय रास्ते में रोका, गाड़ी में बैठाया और रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोहम्मदपुर गांव के पास जमीन में दबा दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मुख्य आरोपी रविंद्र को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य तथ्यों और संभावित सहयोगियों का पता लगाया जा सके।