जीरा | पंजाब के जीरा उपमंडल के गांव बोतियां वाला की रहने वाली 17 वर्षीय मेनबीर कौर ढिल्लों की कनाडा के ब्राम्पटन शहर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस खबर से पूरे गांव और क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया है।
मेनबीर कौर मार्च 2023 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गई थी और ब्राम्पटन में रहकर पढ़ाई कर रही थी। परिवार के मुताबिक, वह अपनी पढ़ाई पूरी कर वर्क परमिट के लिए आवेदन करने की तैयारी कर रही थी ताकि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सके और अपने माता-पिता के सपनों को साकार कर सके। लेकिन एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे ने उसके सारे सपनों को तोड़ दिया।
मेनबीर के पिता सरताज सिंह ढिल्लों ने बताया कि उनकी बेटी मेहनती और आत्मनिर्भर बनने की चाह रखने वाली लड़की थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। परिवार ने बताया कि मेनबीर कौर का अंतिम संस्कार आज, 4 अगस्त को कनाडा के ब्राम्पटन शहर में किया जाएगा।
इस दुखद समय में जीरा हलके के विधायक नरेश कटारिया, आम आदमी पार्टी के नेता बलराज सिंह बोतियां वाला, भाजपा नेता अवतार सिंह जीरा, भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष विशाल सूद और भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष जसविंदर सिंह समेत कई राजनीतिक और सामाजिक नेताओं ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।