उचाना | इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अनिरुद्ध खटकड़ को युवा प्रदेश महासचिव के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उनके लंबे समय के समर्पण और पार्टी के प्रति वफादारी का प्रमाण मानी जा रही है।
अनिरुद्ध खटकड़ ने 2009 में उचाना से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के चुनाव में एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। 2018 में पार्टी विभाजन के बावजूद उन्होंने INLD से नाता नहीं तोड़ा और लगातार सक्रिय बने रहे। इससे पहले पार्टी उन्हें आईटी सेल का प्रदेश सचिव, युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और उचाना हलके का प्रभारी जैसे पदों पर जिम्मेदारी सौंप चुकी है।
नई नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिरुद्ध ने पार्टी अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा समेत शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि वे जननायक चौधरी देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा, “एक साधारण किसान परिवार से होने के बावजूद पार्टी ने मुझे जो भरोसा दिया है, मैं उसे मेहनत और निष्ठा से निभाऊंगा।”
इस बीच, पार्टी ने यह भी ऐलान किया है कि जननायक चौधरी देवीलाल का जन्मदिवस 14 अगस्त को रोहतक में ‘सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर चौधरी अभय सिंह चौटाला उसी दिन उचाना आकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे।
इस आयोजन और युवा चेहरों की भागीदारी से इनैलो को आने वाले समय में नया राजनीतिक बल मिलने की उम्मीद है।