एरिज़ोना (अमेरिका) | अमेरिका के उत्तरी एरिज़ोना स्थित नवाजो नेशन इलाके में एक मेडिकल ट्रांसपोर्ट विमान मंगलवार को भयानक हादसे का शिकार हो गया। हवाई अड्डे के पास गिरते ही विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह विमान न्यू मैक्सिको की सीएसआई एविएशन कंपनी का था और चिनले हवाई अड्डे की ओर एक मरीज को लेने जा रहा था। हादसे के वक्त विमान में चिकित्साकर्मी मौजूद थे, जो आपातकालीन सेवा के लिए रवाना हुए थे।
लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान दोपहर के समय लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दुर्घटना के कारणों की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और FAA द्वारा की जा रही है। अभी तक दुर्घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
नवाजो नेशन शोक में डूबा
नवाजो नेशन के शीर्ष नेता बुउ न्यग्रेन ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा, “ये वे लोग थे जिन्होंने दूसरों को बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनकी सेवाओं को नवाजो नेशन कभी नहीं भूल पाएगा।”
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर मेडिकल सेवा से जुड़े कर्मियों के जोखिम भरे काम की गंभीरता को सामने ला दिया है। हादसे में मारे गए चारों लोगों की पहचान और विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।