नई दिल्ली | भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने 6 अगस्त 2025 को मौद्रिक नीति की बैठक में रेपो रेट को 5.5% पर स्थिर रखने का फैसला किया। ब्याज दरों में बदलाव न होने के बावजूद, RBI ने आम जनता से जुड़ी दो बड़ी घोषणाएं की हैं, जो करोड़ों ग्राहकों और बैंक उपभोक्ताओं के लिए बेहद अहम हैं।
जनधन खातों के लिए Re-KYC कैंपेन शुरू
प्रधानमंत्री जनधन योजना को 10 साल पूरे होने के मौके पर RBI ने बैंकों को निर्देश दिया है कि 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इन कैंपों में:
- खाताधारकों का Re-KYC अपडेट किया जाएगा
- नए बैंक खाते खोले जाएंगे
- ग्राहकों को माइक्रो इंश्योरेंस, पेंशन योजनाओं और अन्य वित्तीय सेवाओं से जोड़ा जाएगा
- शिकायतों के समाधान की सुविधा भी रहेगी
सावधान: अगर आपने अभी तक अपने जनधन खाते का KYC पूरा नहीं कराया है, तो जल्द से जल्द अपने बैंक से संपर्क करें। अधूरी KYC की स्थिति में आपका खाता फ्रीज या बंद किया जा सकता है।
बैंक लॉकर क्लेम करना होगा अब आसान और पारदर्शी
RBI ने यह भी घोषणा की है कि किसी ग्राहक की मृत्यु के बाद बैंक लॉकर में रखी संपत्ति के क्लेम की प्रक्रिया अब देशभर में एक समान और सरल होगी। इसका सीधा लाभ ग्राहकों और उनके वारिसों को मिलेगा।
अब:
- सभी बैंकों में एक जैसी प्रक्रिया लागू होगी
- कानूनी उलझनों और अतिरिक्त कागजी कार्यवाही से राहत मिलेगी
- वारिसों को तेजी और पारदर्शी तरीके से संपत्ति प्राप्त हो सकेगी
यह कदम न केवल ग्राहकों बल्कि बैंकों के लिए भी समय, संसाधन और विवादों से राहत दिलाने वाला होगा।