6 August, 2025
बॉलीवुड की चहेती अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी के लिए तैयार हैं। अपने ग्लैमर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध जैकलीन अब एक महिला-केंद्रित एक्शन थ्रिलर फिल्म में नज़र आएंगी, जिसका निर्देशन वी जयशंकर करेंगे। जयशंकर पहले पेपर बॉय और अरी जैसी फिल्मों के लिए प्रशंसा बटोर चुके हैं।
सूत्रों की मानें तो इस आगामी फिल्म में एक बेहद दिलचस्प और रहस्यमयी स्क्रिप्ट है, जिसे सुनकर जैकलीन तुरंत ही इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए राज़ी हो गईं। एक्शन और सस्पेंस से भरपूर इस कहानी में उनका किरदार न केवल चुनौतीपूर्ण है, बल्कि पहले कभी न देखे गए अवतार में नज़र आएगा।
खास बात यह है कि फिल्म में हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स के साथ-साथ अत्याधुनिक वीएफएक्स तकनीक का भी प्रयोग किया जाएगा ताकि दर्शकों को एक शानदार सिनेमैटिक अनुभव मिल सके। जैकलीन की अखिल भारतीय लोकप्रियता को देखते हुए, मेकर्स इसे तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी – इन पाँच भाषाओं में रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं।फिल्म की स्क्रिप्ट लगभग पूरी हो चुकी है और टीम जल्द ही शूटिंग शेड्यूल की घोषणा करने वाली है। जैकलीन के फैंस के लिए यह खबर किसी तोहफे से कम नहीं है.