7 August, 2025
साउथ की जानी-मानी अभिनेत्री अनुष्का शेट्टी एक बार फिर अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार हैं। उनकी आने वाली पैन इंडिया फिल्म ‘घाटी’ का ट्रेलर आज आधिकारिक रूप से रिलीज कर दिया गया है। 2 मिनट 5 सेकंड का यह ट्रेलर रहस्य, थ्रिल और एक्शन से भरपूर है।
फिल्म में अनुष्का शेट्टी का किरदार दो रूपों में नजर आ रहा है — एक सीधी-सादी महिला और दूसरी तरफ बेहद मजबूत और रहस्यमयी महिला का अंदाज़। ट्रेलर में दिखाए गए जेल के सीन और हथौड़ा मारने वाले दृश्य दर्शकों को चौंका देते हैं, जो फिल्म की गहराई और सस्पेंस को दर्शाते हैं।
नई रिलीज डेट का एलान
‘घाटी’ को निर्देशक कृष जगरलामुदी ने बनाया है, जो इससे पहले पवन कल्याण की फिल्म ‘हरी हारा वीरा मल्लू’ को डायरेक्ट कर चुके हैं। पहले यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 5 सितंबर 2025 तय की गई है।
फिल्म को तेलुगु के अलावा हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी रिलीज किया जाएगा, जिससे यह एक पैन इंडिया फिल्म बन गई है।
ट्रेलर को मिला मिला-जुला रिस्पॉन्स
जहां तेलुगु वर्जन के ट्रेलर को महज कुछ घंटों में 2 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं, वहीं हिंदी ट्रेलर को अब तक केवल 1 हजार व्यूज ही मिले हैं। हालांकि, अनुष्का शेट्टी की स्टार पावर और फिल्म की कहानी को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में रिस्पॉन्स में सुधार होगा।
फिल्म में अनुष्का के साथ विक्रम प्रभु भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ‘बाहुबली’ के बाद यह अनुष्का की दूसरी बड़ी पैन इंडिया फिल्म है।