जींद | जींद जिले के सच्चा खेड़ा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में रतिया (फतेहाबाद) निवासी 42 वर्षीय हरदेव सिंह की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब हरदेव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल कैथल के पेहोया जा रहे थे। पत्नी अपने भाई को राखी बांधना चाहती थी, इसलिए हरदेव उन्हें बाइक से लेकर निकले थे।
नरवाना से आगे सच्चा खेड़ा के पास उनकी बाइक के सामने अचानक बेसहारा पशु आ गया। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और चारों सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को नरवाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरदेव को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में हरदेव की पत्नी की टांग टूट गई, जबकि बेटी मानसी को सिर, हाथ और पैर पर चोटें आईं। बेटे को भी चेहरे और पैर पर गंभीर चोटें लगीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है, वहीं घायल महिला और बच्चों का इलाज जारी है।