चंडीगढ़ | हरियाणा के सबसे बड़े घोटालों में से एक में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ा कदम उठाया है। ईडी ने नरवाना के पूर्व विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा, विभाग के पूर्व अधिकारी सुनील कुमार बंसल समेत 5 लोगों के खिलाफ पंचकूला की विशेष अदालत में मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में हुए 225.51 करोड़ रुपए के गबन से जुड़ा है।
ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि 2015 से 2019 के बीच एचएसवीपी के चंडीगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक खाते से करीब 70 करोड़ रुपए संदिग्ध खातों में ट्रांसफर किए गए। हैरानी की बात यह रही कि यह बैंक खाता एचएसवीपी के कैश ब्रांच या आईटी विंग में दर्ज ही नहीं था। आंतरिक जांच में साफ हो गया कि यह पूरी साजिश गुप्त रूप से बंसल और सुरजाखेड़ा ने रची थी।
जांच में ईडी को ऐसे 10 और बैंक खाते मिले, जिनमें इसी तरह की धोखाधड़ी हुई थी। कुल मिलाकर करीब 225.51 करोड़ रुपए का गबन सामने आया, जिसे अपराध की आय घोषित किया गया है।
ईडी ने 9 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। एजेंसी अब तक 27.30 करोड़ की संपत्तियां अटैच कर चुकी है और मामले की जांच आगे बढ़ रही है।