हमीरपुर | प्रदेश कांग्रेस के पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने वाली संस्था चुनाव आयोग अब सत्ताधारी दल की सहायक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल लोकतंत्र की नींव को खतरे में डाल रहे हैं।
कौशल ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव में हुई कथित धांधली के वैज्ञानिक और तथ्यात्मक प्रमाण देश-विदेश के सामने रखे हैं, जिन्हें देखकर पूरी दुनिया स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल और लोकतंत्र समर्थक अब राहुल गांधी की ‘लोकतंत्र बचाओ’ मुहिम से जुड़ रहे हैं, जो आज़ादी के बाद का सबसे बड़ा आंदोलन साबित होगा।
प्रेम कौशल ने भाजपा नेताओं की चुनाव आयोग की बचाव में प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि इससे आयोग की निष्पक्षता पर शक और गहरा होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर चुनाव आयोग सत्ताधारी दल के नियंत्रण से बाहर नहीं आया तो भारत का लोकतंत्र गंभीर संकट में पड़ जाएगा।
इस मुहिम को अब देश भर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर समर्थन मिल रहा है, जो लोकतंत्र के लिए एक बड़ी चुनौती और चेतावनी दोनों है।