फरीदाबाद | सेक्टर-15 निवासी रमेश से साइबर ठग ने खुद को मुंबई कस्टम विभाग का कर्मचारी बताकर एक लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित डीटीपी में चालक हैं और हाल ही में अपनी बेटी को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए रूस भेजा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 दिसंबर 2024 को रमेश को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि वह मुंबई एयरपोर्ट से कस्टम विभाग में कार्यरत है और विदेश जाने वाली उनकी बेटी के लिए कस्टम ड्यूटी चार्ज जमा कराना अनिवार्य है। भरोसा जताते हुए रमेश ने तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ने उन्हें कस्टम की रसीद भी भेजी, लेकिन जब रमेश ने यह रसीद अपने ट्रैवल एजेंट को दिखाई तो फर्जी होने का खुलासा हुआ। विरोध जताने पर आरोपी ने मोबाइल नंबर बंद कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।