उत्तरकाशी | उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में 5 अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित धराली और हर्षिल क्षेत्रों से अब तक 1126 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। यह जानकारी राज्य के गृह सचिव शैलेश बगौली ने शनिवार देर शाम दी। उन्होंने बताया कि आज युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए गए, जिसमें 480 लोगों को हर्षिल और नेलांग से जौलीग्रांट, मातली और चिन्यालीसौंड के लिए रवाना किया गया।
चार दिनों में 1126 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
शैलेश बगौली ने बताया कि 6 से 9 अगस्त के बीच चार दिनों में कुल 1126 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। शनिवार को यूकाडा और सेना के हेलीकॉप्टरों ने 128 सॉर्टी की, जबकि इन चार दिनों में कुल 257 सॉर्टी हुई हैं।
गृह सचिव ने शाम लगभग 7 बजे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर जिला अधिकारी प्रशांत आर्या से दिनभर के रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली। साथ ही हर्षिल और धराली में डीजल की कमी न हो, इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अपर आयुक्त पीएस पांगती को प्रतिदिन 2000 लीटर डीजल और 20 से 25 रसोई गैस सिलेंडर भेजने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी राहत कार्यों में जुटे
गृह सचिव ने अधिकारियों को कहा कि जब तक सड़कें बहाल नहीं हो जातीं, तब तक घोड़े-खच्चरों के जरिए आपूर्ति जारी रखी जाए। साथ ही बीआरओ की मांग पर जल पुलिस को धराली में सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नाव भेजने के भी आदेश दिए गए।
इस दौरान आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी आनंद स्वरूप, डीआईजी राजकुमार नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तराखंड सरकार ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयास तेज कर दिए हैं ताकि सभी प्रभावितों को जल्द से जल्द मदद पहुंच सके।