हरियाणा | हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए खास पहल की है। किसानों को देसी गाय खरीदने पर 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी देने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण भी अनिवार्य किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकार ने प्रदेश में 1 लाख एकड़ में प्राकृतिक खेती करने का लक्ष्य रखा है।
इस योजना के तहत किसानों को बीजामृत, जीवामृत और घनजीवामृत जैसी जैविक सामग्री बनाने के लिए सब्सिडी और वित्तीय सहायता भी दी जाती है। देसी गाय खरीदने के लिए किसानों को कृषि एवं कल्याण विभाग की वेबसाइट “एग्री हरियाणा” पर आवेदन करना होगा। इसके बाद कृषि विभाग की टीम खेत का निरीक्षण कर मिट्टी के सैंपल जांचेगी। आवेदन जिला समिति द्वारा जांचे जाने के बाद पशुपालन समिति गाय के स्वास्थ्य और रिकॉर्ड की पुष्टि करेगी।
तीन दिन का प्रशिक्षण कुरुक्षेत्र स्थित प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण संस्थान (NFTI) में अनिवार्य है, जहां किसानों के साथ अधिकारियों को भी ट्रेनिंग दी जाती है। इस योजना से किसानों को फर्जी सब्सिडी से बचाने और खेती को प्राकृतिक तरीके से बढ़ावा देने का मकसद है। सरकार की यह पहल हरियाणा के किसानों को स्थायी और स्वस्थ खेती की ओर ले जाने में मदद करेगी।